देहरादून। लोक जनशक्ति पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर रविवार को शिवसेना शिंदे गुट से जुड़े दर्जनों प्रभावशाली नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पार्टी का दामन थाम लिया। रविवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश कार्यालय में शिवसेना शिंदे गुट से जुड़े दर्जनों प्रभावशाली नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विधिवत रूप से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपने सैकड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी में शामिल हुए वरिष्ठ समाजसेवी एवं युवा नेता नवलेश शाह को जिला देहरादून का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर ने कहा कि उत्तराखंड में लगातार विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की नीतियों एवं राष्ट्रीय नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त करते हुए पार्टी से जुड़ रहे हैं। यह प्रदेश में पार्टी के तेजी से बढ़ते जनाधार, मजबूत संगठनात्मक विस्तार एवं जनता के बढ़ते विश्वास का स्पष्ट संकेत है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तराखंड की राजनीति में एक मजबूत, प्रभावशाली एवं निर्णायक राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरकर सामने आएगी। नए साथियों के जुड़ने से पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूती मिलेगी तथा संगठन और अधिक सक्रिय होकर जनता की समस्याओं के समाधान हेतु संघर्ष करेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि वे संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान एवं जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य करें।
इस कार्यक्रम में प्रदेश प्रधान महासचिव राजीव भार्गव, प्रदेश महासचिव सी.पी. सिंह, प्रदेश सचिव जय अर्नाल्ड सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह एवं जोश देखने को मिला।

