चमोली। गैरसैंण विकासखंड के आदिबदरी तहसील के बूंगा गांव में जंगल की आग की चपेट में आकर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गयी। वन विभाग के अनुसार जंगल में लगी आग पर काबू पा लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम बूंगा गांव की सुरेशी देवी अपनी गोशाला जा रही थी। इस दौरान जंगल में लगी आग उनकी गोशाला तक पहुंच गई। जिसकी चपेट में आकर महिला बुरी तरह से झुलस गयी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गयी। चौकी प्रभारी आदिबदरी अनिल आगरी ने जानकारी देते हुए बताया कि, आदिबदरी के बूंगा गांव के जंगल में आग लगी हुई थी और तेज आंधी तूफान के कारण आग सुरेशी देवी के गोशाला तक पहुंच गई। जिसकी चपेट में आने से 51 वर्षीय सुरेशी देवी गंभीर रूप से झुलस गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
वहीं मामले की जानकारी देते हुए रेंजर नवल किशोर नेगी धनपुर रेंज गौचर ने बताया कि, उन्हें देर रात ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना दी गई थी। सूचना पर तुरंत वनकर्मियों को रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि किसी अज्ञात द्वारा बूंगा वन पंचायत में आग लगाई गई थी। तेज आंधी तूफान के कारण आग गोशाला के नजदीक तक पहुंच गई। जिसे बुझाने के दौरान महिला आग की चपेट में आ गई। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा महिला को अस्पताल ले जाया जा रहा था। इस दौरान महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उनके द्वारा मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जंगल की भीषण आग की चपेट में आए सेब के बागिचे में एक व्यक्ति झुलसा
देहरादून। बीते रोज पछवादून के चकराता वन प्रभाग से जुड़े देवघार रेंज के चीड़ जंगलों में लगी भीषण आग विकराल होने से चारों तरफ फैल गई। जिसके चलते जडसू पाणी के पास सिविल सोयम के जंगल से फैली आग आरक्षित वन क्षेत्र में पहुंचने से वनस्पतियां जलकर राख हो गई। साथ ही एक मकाल में लगी आग में एक व्यक्ति बुरी तरह से झुलस गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जंगल से फैली आग की चपेट में आने से कूणा व बास्तील पंचायत के खेड़ा रगवाड़, बोराड, चौड़ाधार व आसपास इलाके में कई ग्रामीण बागवानों के सेब बगीचे आग की चपेट में आने से जल गए। स्थानीय पशुपालक रघुदास, चरणदास व सुनदास की तीन छानियां जलकर राख हो गई।
जंगल की आग से निजी एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं सीमावर्ती बंगाण क्षेत्र के देवती गांव में एक ग्रामीण के आवासीय भवन में भीषण आग लगने से घर के अंदर सो रहा व्यक्ति चपेट में आ गया। आग रात करीब डेढ़ बजे लगी।बताया जा रहा है चूल्हे की चिंगारी से उठी आग लकड़ी व टीन से निर्मित एक मंजिला भवन में लगने से घर के अंदर धुआं फैल गया। आसपास के ग्रामीणों की तत्परता से मकान के अंदर सो रहे तीन बच्चों समेत दंपति को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला गया। मकान में लगी आग की चपेट में आने से भवन स्वामी स्थानीय कृषक कलु बुरी तरह झुलस गया। जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
आबादी क्षेत्र तक पहंुची जंगल की आग,मचा हड़कंप
नैनीताल। मंगलवार रात शहर के समीपवर्ती कृष्णापुर क्षेत्र के जंगल में भीषण आग लग गयी। तेज हवाओं के झोंके के साथ आग ने देखते ही देखते विकराल रुप धारण कर लिया। आग बढ़ते हुए आबादी क्षेत्र की ओर पहुंची तो क्षेत्रवासियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग व दमकल की टीम आग पर काबू पाने में जुटी हुई है।
शहर व समीपवर्ती क्षेत्रों में बढ़ते तापमान का असर जंगलों पर भी दिखने लगा है। मंगलवार रात कृष्णापुर क्षेत्र के जंगलों में आग लग गई। क्षेत्रवासियों ने तत्काल वन विभाग को सूचना देन के साथ ही आग पर काबू पाने के प्रयास शुरु किये। लेकिन हवा के तेज झोंको ने वन विभाग व क्षेत्रवासियों की मुश्किले बढ़ा दी।विभागीय टीम व क्षेत्रवासियों ने कड़ी मशक्कत कर किसी तरह आग को आबादी क्षेत्र तक जाने से रोका। लेकिन इस बीच आग सड़क व हनुमानगढ़ी की ओर बढ़ गई। फिलहाल विभागीय टीम आग बुझाने में जुटी हुई है।रेंजर ललित कार्की ने बताया कि आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ती आग पर काबू पा लिया गया है। जंगल की ओर बढ़ती आग पर भी काबू पाने में विभागीय टीम जुटी हुई है। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा।

