पौड़ी गढ़वाल। प्रदेश में वन्यजीवों का आतंक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन गुलदार, भालू और बाघ जैसे जंगली जानवर रिहायशी इलाकों की तरफ बढ़ रहे हैं और मवेशियों के साथ-साथ इंसानों को भी अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला पौड़ी गढ़वाल जिले के देवार से सामने आया है।
दरअसल, देवार के वाड़ी में गुलदार ने करीब 60 वर्षीय महिला प्रभा देवी को अपना निवाला बना लिया है। बताया जा रहा है कि महिला आज मंगलवार 9 जून दोपहर को अपने पशुओं के लिए घास लेने खेतों में गई थी। वहीं पर पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक से महिला पर हमला कर दिया।
शिकार के बाद गुलदार महिला के शव को घसीटकर खंडहर के अंदर ले गया। गुलदार ने महिला के सिर को धड़ से अलग कर दिया था। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस प्रशासन को तत्काल सूचना दी। मौके पर वन विभाग और पुलिस की टीम पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों का उन्हें भारी रोष भी झेलना पड़ा।
पौड़ी गढ़वाल जिले में वन्यजीवों के हमले का कोई पहला मामला नहीं है। बीते दिनों में गुलदार एक मुर्गी के बाड़े में फंस गया था। मुर्गी के बाड़े के मालिक ने बताया था कि गुलदार ने उसकी करीब 10 मुर्गियों का शिकार किया है। गुलदार समेत अन्य जंगल जानवर जिस तरह के रिहायशी इलाकों की तरफ आ रहे हैं, उससे लोग काफी डरे हुए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार से राहत दिलाने की मांग की है।

