इम्फाल। मणिपुर के कामजोंग और उखरुल में शनिवार को हथियारबंद गुटों के बीच हुई झड़पों में एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हालांकि पूर्व सीएम बीरेन सिंह का दावा है कि सात लोग मारे गए हैं, वहीं एक पुलिस स्टेशन जला दिया गया है। नगा-बहुल कामजोंग के कुकी-बहुल चसाड गांव में 22 साल के एक युवक और 42 साल की एक महिला की मौत हो गई।
महिला को गोली मारी गई थी। उसकी हत्या के बाद शुक्रवार रात से कुकी और नगा हथियारबंद गुटों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई, जो शनिवार सुबह तक जारी रही। इस दौरान 10 घरों में आग भी लगा दी गई। फरवरी में मणिपुर में दोबारा शुरू हुई हिंसा की घटनाओं से लेकर अब तक करीब 40 लोगों की मौत हो चुकी है।

