कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने चतुर्थ दिवस के कार्यक्रम का किया शुभारंभ
बोले- अगले वर्ष मेले को और अधिक भव्य बनाने के लिए तैयार होगी विस्तृत कार्ययोजना
रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि में आयोजित मन्दाकिनी शरदोत्सव एवं कृषि औद्योगिक विकास मेले के चतुर्थ दिवस के कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री एवं मुख्य अतिथि भरत सिंह चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने मेला समिति को आयोजन के लिए दो लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में मेला समिति के अध्यक्ष हर्षवर्धन बेंज्वाल ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने मेले को राज्य स्तरीय पहचान के अनुरूप और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान करने के साथ ही नगर पंचायत अगस्त्यमुनि को नगर पालिका का दर्जा देने की मांग प्रमुखता से उठाई।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति और क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मन्दाकिनी शरदोत्सव जनपद का सबसे बड़ा मेला है। यह आयोजन क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय प्रतिभाओं, कृषि एवं औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही स्थानीय लोक संस्कृति को मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष मेले को और अधिक भव्य एवं व्यापक स्वरूप देने के लिए शासन-प्रशासन तथा जनपद के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। अगस्त्यमुनि को नगर पालिका बनाने के संबंध में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इसकी घोषणा की जा चुकी है और इसे शीघ्र धरातल पर उतारा जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, वाचस्पति सेमवाल, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक खत्री, जिला पंचायत सदस्य गंभीर बिष्ट, निर्मला बहुगुणा सहित मेला समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

