देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला में जंगल के अंदर कूड़े के ढेर के पास एक महिला के शव बरामद किया गया था। मृतका के चेहरे और गले पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया महिला की कहीं अन्य स्थान पर हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से जंगल में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। महिला के शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। मामले से जुड़ी एक संदिग्ध कार की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर की देर शाम जामुनवाला क्षेत्र में जंगल के अंदर कूड़े के ढेर के पास महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक और एफएसएल टीमों को बुलाकर मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने महिला की तस्वीर और उसके हाथ पर बने टैटू की फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर पहचान कराने की कोशिश शुरू की है। मामले में चौकी प्रभारी बिधोली की ओर से वादी बनकर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसकी जांच प्रेमनगर थानाध्यक्ष कर रहे हैं.एसएसपी देहरादून के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है। मृतका की पहचान के लिए देहरादून के अन्य थानों के साथ आसपास के जिलों और राज्यों से भी गुमशुदा महिलाओं का रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है।
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान एक अहम सुराग मिला है। 17 नवंबर की रात घटनास्थल के पास से एक संदिग्ध कार गुजरती दिखाई दी है। पुलिस कार और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
जामुनवाला के जंगल में मिले महिला के शव की अब तक नहीं हुई शिनाख्त
Leave a comment
Leave a comment

