भर्ती जल्द शुरू कराने का मिला आश्वासन
रुद्रप्रयाग। शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन के एक शिष्टमंडल ने भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर ऊखीमठ में पूजा-अर्चना करने के उपरांत केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल से मुलाकात कर उन्हें चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संगठन ने प्रदेश में लंबे समय से लंबित व्यायाम शिक्षकों की भर्ती का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
विधायक आशा नौटियाल ने संगठन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि जल्द ही संगठन के पदाधिकारियों की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कराई जाएगी और व्यायाम शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता निकाला जाएगा। संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में प्राथमिक स्तर पर शारीरिक शिक्षा को अनिवार्य किया गया है, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश में शारीरिक शिक्षकों की भर्ती नहीं हो रही है। वर्ष 2006 के बाद से कोई भर्ती न होने के कारण लगभग 12 हजार से अधिक बीपीएड व एमपीएड प्रशिक्षित युवा बेरोजगार हैं, जिनमें से कई अभ्यर्थी आयु सीमा भी पार कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्राथमिक विद्यालयों में अभी तक व्यायाम शिक्षकों के पद ही सृजित नहीं किए गए हैं, जबकि नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद प्राथमिक से इंटरमीडिएट स्तर तक शारीरिक शिक्षा अनिवार्य कर दी गई है।
ज्ञापन में संगठन ने मांग की कि नई शिक्षा नीति के तहत प्राथमिक विद्यालयों में शारीरिक (व्यायाम) शिक्षकों के पद सृजित कर नियुक्ति की जाए। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में व्यायाम शिक्षकों की नियुक्ति से संबंधित फाइल संख्या 77006 को वित्त विभाग एवं मंत्रिमंडल से मंजूरी दिलाई जाए। इंटर कॉलेजों में व्यायाम शिक्षक के प्रवक्ता पद सृजित कर भर्ती की जाए तथा प्रशिक्षित बेरोजगारों को नियुक्ति में आयु सीमा में छूट प्रदान की जाए। इस अवसर पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश चंद्र पाण्डेय सहित महेश नेगी, गोविन्द सिंह, रविंद्र सिंह, प्रदीप नेगी, महावीर सिंह और सतीश चंद्र उपस्थित रहे।

