केदारनाथ धाम से तीन दिवसीय परंपरागत यात्रा पूरी कर शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ पहुंचे बाबा की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली
रामपुर और गुप्तकाशी में हुआ रात्रि प्रवास
अगले छह माह तक ओंकारेश्वर मंदिर में होगी शीतकालीन पूजा-अर्चना
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शुक्रवार को विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और पौराणिक धार्मिक परंपराओं के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विराजमान हो गई। बाबा केदार की डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने के साथ ही छह माह तक चलने वाली शीतकालीन पूजा-अर्चना का क्रम भी परंपरानुसार प्रारंभ हो गया। इस पावन अवसर पर पूरा ऊखीमठ क्षेत्र बाबा के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। डोली के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
बाबा केदारनाथ के धाम के कपाट भैयादूज के पावन अवसर पर 11 नवंबर को सुबह 8रू30 बजे शीतकाल के लिए बंद किए गए थे। कपाट बंद होने से पूर्व तड़के चार बजे से मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू हुई। मुख्य पुजारी एवं वेदपाठियों ने निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुसार बाबा के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप दिया। स्थानीय पुष्पों, ब्रह्मकमल और भस्म से शिवलिंग को ढकने के बाद गर्भगृह के कपाट बंद किए गए। इसके पश्चात बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंदिर परिसर से बाहर लाई गई। सेना के बैंड की मधुर धुनों और हजारों श्रद्धालुओं के जय श्री केदार के उद्घोष के बीच बाबा की डोली ने अपने शीतकालीन प्रवास के लिए ऊखीमठ की ओर प्रस्थान किया। इस ऐतिहासिक धार्मिक क्षण का साक्षी बनने के लिए पांच हजार से अधिक श्रद्धालु केदारपुरी पहुंचे थे।
पहला पड़ाव रामपुर, दूसरे दिन गुप्तकाशी पहुंची डोली
केदारनाथ धाम से रवाना होने के बाद बाबा की डोली 11 नवंबर को अपने प्रथम पड़ाव रामपुर पहुंची। यहां रात्रि विश्राम के बाद 12 नवंबर की सुबह विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात डोली ने अगले पड़ाव गुप्तकाशी के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान बाबा की डोली शेरसी, बड़ासू, फाटा, खाट-खड़िया, मैखंडा, ब्यूंग, खुमेरा, नारायणकोटी, ह्यूण और नाला सहित विभिन्न पड़ावों से होकर गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। डोली के मार्ग में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला। 12 नवंबर की शाम बाबा की पंचमुखी डोली गुप्तकाशी स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर पहुंची। यहां मंदिर की परिक्रमा के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आरती और पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसके बाद बाबा की डोली ने विश्वनाथ मंदिर में रात्रि विश्राम किया।
तीसरे दिन ऊखीमठ पहुंची बाबा की डोली, ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान हुए बाबा
13 नवंबर को सुबह पूजा-अर्चना के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली गुप्तकाशी से शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ के लिए रवाना हुई। विभिन्न पड़ावों से होते हुए डोली श्री ओंकारेश्वर मंदिर पहुंची, जहां धार्मिक विधि-विधान और पौराणिक परंपराओं के अनुसार बाबा को विराजमान कराया गया। बाबा की डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने के साथ ही केदारघाटी में शीतकालीन धार्मिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण अध्याय शुरू हो गया है। अब आगामी छह माह तक बाबा केदारनाथ की नियमित पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। श्रद्धालु शीतकाल के दौरान यहीं पहुंचकर बाबा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
विधायक आशा नौटियाल ने दी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं,
इस पावन अवसर पर केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ हमारी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। शीतकाल में बाबा केदारनाथ की पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होती है। यह अवसर हम सभी के लिए विशेष आध्यात्मिक आस्था, श्रद्धा और गौरव का प्रतीक है।
उन्होंने बाबा केदारनाथ से समस्त प्रदेशवासियों एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए प्रार्थना की कि बाबा की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे।
केदारनाथ धाम के कपाट बंद, लेकिन आस्था का सिलसिला जारी
गौरतलब है कि केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही बाबा के दर्शन का सिलसिला समाप्त नहीं होता, बल्कि शीतकाल में बाबा की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में जारी रहती है। केदारघाटी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी यह परंपरा सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रही है।
बाबा केदार की पंचमुखी डोली की तीन दिवसीय यात्रा ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि हिमालय की कठिन परिस्थितियां भले ही शीतकाल में धाम के कपाट बंद कर दें, लेकिन बाबा के प्रति भक्तों की आस्था और श्रद्धा कभी कम नहीं होती।

