ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान हुई बाबा केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली
हजारों श्रद्धालु बने ऐतिहासिक पल के साक्षी, वैदिक मंत्रोच्चार और जयकारों से गूंजा ऊखीमठ
शनिवार से शीतकालीन गद्दीस्थल में शुरू होगी बाबा केदारनाथ की शीतकालीन पूजा, अगले छह माह यहीं होगी आराधना
रुद्रप्रयाग। भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शुक्रवार को हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और पौराणिक धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विराजमान हो गई। बाबा केदार की उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने के साथ ही केदारनाथ धाम की शीतकालीन पूजा की तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। शनिवार से ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा विधिवत प्रारंभ होगी। इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक अवसर के साक्षी बनने के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचे। पूरा क्षेत्र बाबा केदार के जयकारों से गुंजायमान रहा।
शुक्रवार को पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली के ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। मंदिर की पौराणिक परंपराओं के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा केदार की डोली को शीतकालीन गद्दीस्थल पर विराजमान कराया गया। इस दौरान केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग, मंदिर के पुजारी, वेदपाठी, हक-हकूकधारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रावल भीमाशंकर लिंग ने केदारनाथ धाम के प्रधान पुजारी गंगाधर लिंग के छह माह तक केदारनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने के संकल्प की पूर्णता से जुड़ी धार्मिक परंपरा भी संपन्न कराई।
इस पावन अवसर पर दिल्ली के रामजीवन हलवाई की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, डॉ. केदार लिंग, प्रधान पुजारी बागेश लिंग, शिव लिंग, पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, पंकज भट्ट, उद्योगपति खुशहाल नेगी, मंदिर समिति के सदस्य प्रह्लाद पुष्पवाण, अंकित सेमवाल, पूर्व सदस्य शिव सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा, संतोष त्रिवेदी, व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, संदीप पुष्पवाण, प्रकाश रावत, बलवंत रावत, नवदीप नेगी, सुमन जमलोकी, डीएस भुजवाण, राजकुमार नौटियाल सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
इसके साथ ही शीतकालीन पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष ग्रीष्मकालीन यात्रा के दौरान ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवधि में 68 हजार से अधिक तीर्थयात्रियों ने शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचकर भगवान केदारनाथ के दर्शन किए। इससे ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर की धार्मिक महत्ता के साथ क्षेत्र में तीर्थाटन एवं पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है। केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बने रहने वाले ओंकारेश्वर मंदिर से शीतकाल में भी केदारघाटी की धार्मिक गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी।
केदारनाथ धाम की यात्रा के सफल एवं निर्विघ्न संपन्न होने पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला एवं केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने शासन-प्रशासन, पुलिस, तीर्थ पुरोहित समाज, मंदिर समिति, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यात्रा के सफल संचालन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, तीर्थ पुरोहितों, विभिन्न विभागों और क्षेत्रीय जनता का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी के सामूहिक प्रयासों से यात्रा को सुचारु एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जा सका।
शनिवार से ओंकारेश्वर मंदिर में शीतकालीन पूजा प्रारंभ होने के साथ ही आगामी छह माह तक भगवान केदारनाथ की नियमित पूजा-अर्चना यहीं से संपन्न होगी। इससे शीतकाल में भी ऊखीमठ क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियां बनी रहेंगी और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बाबा केदार के दर्शन का अवसर मिलता रहेगा।

