मुख्यमंत्री से ओबीसी वेलफेयर पार्लियामेंट्री कमेटी के प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट की
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से ओबीसी वेलफेयर पार्लियामेंट्री कमेटी के प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री आवास में भेंट की। शनिवार को यहां मुख्यमंत्री ने कहा कि ओ.बी.सी संसदीय समिति सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओ.बी.सी वेलफेयर के लिए राज्य में विधिक और संस्थागत व्यवस्था है। विभिन्न योजनाओं के पॉलिसी रिव्यू, फीडबैक और फॉलोअप के माध्यम के योजनाओं का लाभ प्रत्येक ओबीसी परिवार को पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगभग 90 जाति ध् उपजाति समुदाय ओबीसी की सूची में हैं। जिनके विकास के लिए राज्य सरकार, प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। राज्य की नीति और बजट को गरीब, वंचित और कमजोर वर्गों के कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार किया जाता है। सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं को जरूरतमंदों तक प्रभावी रूप से पहुंच रही है। इस दौरान ओबीसी वेलफेयर पार्लियामेंट्री कमेटी की ओर से अध्यक्ष सांसद गणेश सिंह एवं अन्य सांसद विजय बघेल, डॉ. स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी (साक्षी महाराज), विघुत बरन महतो, रोडमल नागर, श्री रमाशंकर विधार्थी राजभर, डॉ अशोक कुमार यादव, गिरधारी यादव, मस्तान राव यादव बीड़ा, राजेंद्र गहलोत, शुभाशीष खूंटिया, मयंककुमार नायक एवं डॉ. भीम सिंह मौजूद रहे।
सीबीएसई 12वीं में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा अरीना को सीएम ने दी बधाई
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली हल्द्वानी की छात्रा अरीना रघुवंशी से दूरभाष पर बात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अरीना रघुवंशी की यह उपलब्धि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। अरीना को उनके परिश्रम का फल मिला है। उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। राज्य की बेटियों ने समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है।

