हरिद्वार। हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी देने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम सोहन सिंह रावत है, जो उत्तराखंड के पौड़ी जिले निवासी है। पुलिस ने आरोपी से धमकी देने में प्रयुक्त मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार बीती 17 मई की रात को सिटी कंट्रोल रूम हरिद्वार के डायल 112 पर एक अज्ञात कॉलर द्वारा फोन कर आगामी 4 दिनों के भीतर हरिद्वार को बम ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी दी गई। कॉलर द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए देश एवं राज्य के मुख्य पदाधिकारियों के संबंध में भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। इतना ही नहीं आरोपी ने फोन कॉल रिसीव करने वाली महिला पुलिस कर्मचारियों के साथ भी अभद्रता की। बार बार फोन कॉल कर आरोपी हरकी पैड़ी समेत अलग अलग स्थलों को चार दिनों के अंदर बम से उड़ाने की धमकी देता रहा। आरोपी ने राज्य के कई बड़े नेताओं के नाम भी लेकर उन्हें गाली गलौज की। इस फोन कॉल के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। तत्काल हरकी पैड़ी क्षेत्र और अन्य स्थलों की सुरक्षा बढ़ाई गई। इस संबंध में तत्काल अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस टीम का गठन कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए गए। नगर कोतवाली में तैनात एसएसआई गोपाल दत्त भट्ट को जांच सौंपी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले मोबाइल नंबर को ट्रेस किया गया।
जिसमें आरोपी सोहन सिंह रावत पुत्र मदन सिंह रावत निवासी ग्राम पाटा थाना यमकेश्वर जिला पौड़ी गढ़वाल उम्र 30 वर्ष का नाम प्रकाश में आया। आरोपी को रोडीबेलवाला क्षेत्र से दबोच लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अत्यधिक शराब के नशे में उक्त कृत्य करना स्वीकार किया गया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

