देहरादून। रविवार सुबह रायपुर थाना क्षेत्र में मालदेवता से आगे लोहे के पुल पर एक युवक का शव संदिग्ध हालत में रस्सी के सहारे लटका मिलने से पूरे इलाके में हडकंप मच गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहंुची पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रायपुर थाना पुलिस के अनुसार रायपुर थाना क्षेत्र में मालदेवता से आगे लोहे के पुल पर रविवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रस्सी के सहारे लटका मिला। पुलिस को सूचना मिलने के बाद चैकी प्रभारी मालदेवता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर मौके पर फील्ड यूनिट की टीम को बुलाया और आवश्यक सबूत जुटाए। साथ ही मौके पर पुलिस को एक अनजान स्कूटी भी खड़ी मिली। पुलिस की जांच में स्कूटी का युवक के रिश्तेदार की होना सामने आया है। पुलिस ने युवक की पहचान कर ली है। युवक मूलरूप से देहरादून के रानीपोखरी का रहने वाला है, जो हाल ही में बालावाला देहरादून में रह रहा था।
ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत
रूड़की। रविवार सुबह लक्सर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गयी। मौके पर पहंुची पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से शिनाख्त का प्रयास किया। किन्तु मृतक की पहचान नही हो पाई। प्रथम दृष्टिया व्यक्ति की मौत का कारण ट्रेन की चपेट में आना बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह लक्सर मुरादाबाद रेलवे ट्रैक के करीब खंडजा रेलवे फाटक से रायसी की ओर लगभग 50 मीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ देखा गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर मनोज कुमार ने तुरंत इसकी जानकारी लक्सर कोतवाली पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेश बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान ट्रैक पर एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति का शव मिला। व्यक्ति के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और उसका एक हाथ कटा हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया लग रहा है कि उसकी मौत किसी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेश बिष्ट के अनुसार व्यक्ति की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष के बीच है। उसका कद करीब 5 फीट 6 इंच और चेहरा गोल है। व्यक्ति ने सफेद रंग की कमीज और नीली पैंट पहन रखी थी। उसके गले में हनुमान जी का लॉकेट भी मिला है, जो पहचान का एक महत्वपूर्ण सुराग हो सकता है।
उन्होंने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए जानकारी आसपास के सभी थानों और जीआरपी को सूचना भेज दी गई है। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी व्यक्ति का हुलिया प्रसारित किया जा रहा है।

