उत्तरकाशी। गंगोत्री नेशनल पार्क के गोमुख-तपोवन ट्रेक पर भारी बर्फबारी के बीच फंसे 121 ट्रेकरों को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर गंगोत्री धाम पहुंचा दिया है। ये सभी लोग पिछले दो-तीन दिनों के दौरान गोमुख और तपोवन क्षेत्र में ट्रेकिंग और कैंपिंग के लिए गए थे। बीते शनिवार दोपहर बाद क्षेत्र में अचानक हुई भारी बर्फबारी के कारण ट्रेक पर आवाजाही मुश्किल हो गई और कई ट्रेकर वहीं फंस गए। सूचना के बाद प्रशासन और वन विभाग ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गंगोत्री नेशनल पार्क के कनखू बैरियर प्रभारी वन दारोगा राजवीर रावत ने बताया कि बीते शनिवार को गोमुख और तपोवन क्षेत्र में भारी बर्फबारी शुरू होने के बाद वहां गए ट्रेकरों की सुरक्षित वापसी चुनौती बन गई थी। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर रविवार को वन विभाग की टीम ने ट्रेकरों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान चलाया। प्रभारी वन दारोगा ने बताया कि लगातार बर्फबारी के साथ ट्रेक के कई हिस्सों में हिमस्खलन का खतरा बना हुआ था। इसके बावजूद टीम ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाते हुए सभी 121 ट्रेकरों को सुरक्षित गंगोत्री पहुंचाया। शाम तक गोमुख और तपोवन क्षेत्र में गए सभी 121 ट्रेकरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

