देहरादून। रविवार को नई दिल्ली में मेगा रैली और मार्च का आयोजन किया गया था। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत इंडिया गठबंधन के बड़े नेताओं ने इसका नेतृत्व किया था। उत्तराखंड कांग्रेस के दिग्गज भी इस रैली में पहुंचे थे। सोमवार को राज्य के कांग्रेस नेताओं ने पार्टी आलाकमान के साथ मुलाकात कर आगे की गतिविधियों पर विचार मंथन किया।
उत्तराखंड कांग्रेस के नेता पिछले तीन दिन से दिल्ली में है। मेगा रैली और मार्च के बाद सोमवार को कांग्रेस नेताओं की अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात हुई। कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी मनोज यादव, सुरेंद्र शर्मा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, उत्तराखंड कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और उत्तराखंड कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत शामिल रहे। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार इस मीटिंग में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर गहन चर्चा हुई। आलाकमान ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व और इसके वरिष्ठ नेताओं को चुनाव प्रचार और विभिन्न मुद्दों पर आक्रामक रवैया अपनाने को कहा है। अलाकमान ने कहा है कि हर छोटे-बड़े जनहित से जुड़े मुद्दे को जोरशोर से उठाएं, जिससे जनता कांग्रेस के कैंपेन से जुड़े।उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास 10 राजाजी मार्ग पर ये मुलाकात और मीटिंग की। इस मीटिंग में मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, कांग्रेस संगठन के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और कुमारी सैलजा मौजूद थे।
उत्तराखंड कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि- बैठक में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक विषयों के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।
रैली के बाद उत्तराखण्ड के नेताओं ने की पार्टी आलाकमान से मुलाकात
Leave a comment
Leave a comment

