उत्तरकाशी। हिमालय की गोद में बसे गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के प्रति देश-दुनिया के श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ रही है। इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में तीर्थयात्रियों की संख्या ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। यात्रा सीजन में दोनों धामों में कुल 18 लाख 90 हजार 752 श्रद्धालुओं ने मां गंगा और यमुना के दर्शन किए। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 4 लाख 87 हजार 866 अधिक श्रद्धालु दोनों धामों में पहुंचे। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या ने न केवल पिछले वर्षों के आंकड़ों को पीछे छोड़ा है, बल्कि उत्तरकाशी जनपद की धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में बढ़ती पहचान को भी दर्शाया है।
इस वर्ष गंगोत्री धाम में 10 लाख छह हजार 463 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। यमुनोत्री धाम में 8 लाख 84 हजार 289 तीर्थयात्री पहुंचे। दोनों धामों में यात्रियों की संख्या में हुई इस बढ़ोतरी को धार्मिक पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि पिछले पांच वर्षों के यात्रा आंकड़ों पर नजर डालें तो श्रद्धालुओं की संख्या में उतार-चढ़ाव के बावजूद कुल मिलाकर बढ़ोतरी का रुख बना हुआ है। वर्षवार आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में कुल 14 लाख दो हजार 886 श्रद्धालु पहुंचे थे। वर्ष 2024 में यह संख्या 15 लाख 30 हजार 28 और वर्ष 2023 में 16 लाख 40 हजार 418 रही थी। वहीं वर्ष 2022 में दोनों धामों में कुल 11 लाख 10 हजार 204 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। इस वर्ष 18.90 लाख का आंकड़ा पार होना यात्रा के लिहाज से अब तक की बड़ी उपलब्धि है। पिछले वर्ष की तुलना में करीब 34.8 प्रतिशत अधिक श्रद्धालुओं का पहुंचना दोनों धामों की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
यात्रा सीजन समाप्त होने के साथ ही दोनों धामों के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो गये हैं। मंगलवार को अन्नकूट पर्व एवं गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ गंगोत्री धाम के कपाट छह माह के लिए बंद कर दिए गए। आज भैया दूज के पावन पर्व पर यमुनोत्री धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद हुए।
कपाट बंद होने के बाद शीतकाल में मां गंगा की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव में होगी, जबकि मां यमुना की पूजा खरसाली गांव में होगी। दोनों गांवों में शीतकाल के दौरान भी श्रद्धालु मां गंगा और यमुना के दर्शन कर सकेंगे। ऐसे में धामों के कपाट भले ही छह माह के लिए बंद हो रहे हैं, लेकिन इन शीतकालीन प्रवास स्थलों पर आस्था और श्रद्धा का सिलसिला जारी रहेगा।
गंगोत्री-यमुनोत्री में श्रद्धालुओं की संख्या में 34.8 फीसदी से अधिक की हुई बढ़ोतरी
Leave a comment
Leave a comment

