उधमसिंहनगर। रुद्रपुर में त्रिशूल चौक पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और नीचे कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। महिला को टावर पर चढ़ा देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, महिला के बेटे के खिलाफ दिनेशपुर थाने में पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी बेटे को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। बताया गया कि इसी कार्रवाई से नाराज होकर महिला ने यह कदम उठाया। पुलिस का आरोप है कि महिला ने अपने बेटे के खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई को प्रभावित करने और मामले के शिकायतकर्ता व पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दी।
जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को सूचना मिली कि त्रिशूल चौक स्थित ट्रैफिक कार्यालय के सामने लगे मोबाइल टावर पर एक महिला चढ़ गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला काफी ऊंचाई पर मौजूद थी और नीचे कूदने की धमकी दे रही थी। महिला की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और एसडीआरएफ को सूचना दी। सभी विभागों की संयुक्त टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया और महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। महिला की पहचान जगतपुरी, दिनेशपुर निवासी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गरुड़, जिला बागेश्वर की रहने वाली बताई गई है। पुलिस के अनुसार, दिनेशपुर थाने में दर्ज मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 और 79 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 11 और 12 के तहत मुकदमा पंजीकृत है। इसी मामले की विवेचना के दौरान महिला के बेटे को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। पुलिस के मुताबिक, महिला के इस कदम से त्रिशूल चौक पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सार्वजनिक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ। हालांकि, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात व्यवस्था संभाली।
मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, कूदकर जान देने की दी धमकी
Leave a comment
Leave a comment

