रुद्रप्रयाग। रविवार दोपहर जखोली क्षेत्र के अर्जुन बैंड के समीप एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। वहीं, एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को दोपहर 12.59 बजे डीसीआर को सूचना मिली कि अर्जुन बैंड के समीप एक वाहन खाई में गिर गया है।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। वाहन में कुल सात लोग सवार थे। इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
घायलों में कुरछोला, जखोली निवासी 15 वर्षीय शिवांशी रावत और 12 वर्षीय दिव्यांशी रावत को जखोली लाया जा रहा है। वहीं, एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है। लापता व्यक्ति की तलाश में एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।हादसे में मृतकों, घायलों और लापता व्यक्ति के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।फिलहाल पुलिस, एसडीआरएफ एवं डीडीआरएफ की टीमें दुर्गम खाई में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हादसे के कारणों और दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार सभी लोगों के विस्तृत विवरण की जानकारी जुटाई जा रही है। अर्जुन बैंड पर हुए इस हादसे से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अनियंत्रित होकर खाई में गिरा वाहन दो की मौत
Leave a comment
Leave a comment

